दसाई में श्री विश्वकर्मा प्रकटोत्सव की पूर्व संध्या पर भव्य भजन संध्या, श्रद्धा और संगीत में डूबा पूरा क्षेत्र
30 जनवरी 2026
धार
दसाई (संजय विश्वकर्मा)। धार जिले के दसाई नगर में श्री विश्वकर्मा सुतार समाज (मालवा) द्वारा श्री विश्वकर्मा प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। आयोजन में समाजजनों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ प्रभु विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। आयोजन समिति की ओर से आनंदीलाल विश्वकर्मा (पदमपुरा) को इस वर्ष प्रभु विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहीं उनके पुत्र नवीन विश्वकर्मा (झाबुआ) द्वारा मंचासीन भजन गायक एवं उनकी टीम का केसरिया वस्त्र गले में पहनाकर पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
भजन संध्या में भजन गायक अभिषेक पलवार (खुंटपला) एवं इंदौर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका मौसमी शर्मा ने एक से बढ़कर एक भक्ति रचनाओं की प्रस्तुति दी। महाकाल राजा, खाटू श्याम जी, माता रानी के साथ-साथ प्रभु विश्वकर्मा को समर्पित भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों के बीच-बीच में तालियों और जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा।
मनमोहक भजनों और सुमधुर संगीत की धुनों पर महिलाओं ने उत्साह के साथ नृत्य किया तथा गरबा कर भक्ति भाव प्रकट किया। देर रात तक चले इस आयोजन में हर आयु वर्ग के लोग भक्ति रस में डूबे नजर आए।
भजन संध्या के दौरान समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों एवं समाजजनों का विशेष योगदान रहा। यह भजन संध्या न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करती नजर आई।





Comments (0)