Breaking News

इनकम टैक्स रेड के नाम पर फिल्मी अंदाज में लूट… बाग में ठेकेदार के घर घुसे नकली अधिकारी… 50 तोला सोना और 4 लाख लेकर फरार

 - News image
✍️ संवाददाता: बाग  |  🖊️ संपादन: MP जनमत

14 मार्च 2026

बाग

✍️ मुस्कान प्रजापति | एमपी जनमत


बाग/धार। धार जिले के बाग कस्बे में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर ठेकेदार के घर फिल्मी अंदाज में लूट को अंजाम दे दिया। बदमाश ब्लैक मनी जांच का हवाला देकर घर में घुसे और ठेकेदार दंपति को बंधक बनाकर लाखों की नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार बाग के ब्राह्मण मोहल्ले में रहने वाले ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर सुबह करीब 10 बजे पांच अज्ञात लोग पहुंचे। उन्होंने खुद को इनकम टैक्स विभाग की टीम बताते हुए घर में ब्लैक मनी की जांच करने की बात कही। सरकारी अधिकारी समझकर ठेकेदार परिवार ने उन्हें घर में प्रवेश दे दिया।


इसके बाद बदमाशों ने घर की तलाशी लेने का नाटक किया और ठेकेदार की पत्नी कृष्णा मालवी से अलमारी की चाबी ले ली। अलमारी खुलवाकर बदमाशों ने करीब 50 तोला सोने के गहने, 4 लाख रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन निकाल लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने राजकुमार मालवी और उनकी पत्नी को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और आराम से फरार हो गए।


कुछ देर बाद कमरे में बंद ठेकेदार दंपति ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाग पुलिस मौके पर पहुंची और बाहर लगे ताले को तोड़कर दंपति को बाहर निकाला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पूरी घटना पुलिस को बताई।


घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता, कुक्षी टीआई राजेश यादव और बाग टीआई कैलाश चौहान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान लुटेरों द्वारा ले जाए गए तीन मोबाइल फोन में से एक मोबाइल बायपास रोड के पास कचरे के ढेर में मिला है।


वहीं धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए धार साइबर टीम को बाग भेजा गया है और जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

       फिलहाल इस फिल्मी अंदाज में हुई लूट की घटना के बाद पूरे बाग क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग नकली अधिकारियों से सावधान रहने की बात कर रहे हैं।

Comments (0)

अन्य खबरें :-

Advertisement

Advertisement

Advertisement