फिल्मी अंदाज में पुलिस का बड़ा एक्शन... महिला अफसर बनीं ट्रैक्टर यात्री, रिश्वत लेते आरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
1 अप्रैल 2026
कटनी
एमपी जनमत | विशेष रिपोर्ट
कटनी। जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां अवैध वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने खुद अपनी ही व्यवस्था पर बड़ा प्रहार किया है। इस बार कार्रवाई इतनी सटीक और फिल्मी अंदाज में हुई कि रिश्वतखोरी का पूरा नेटवर्क एक ही झटके में उजागर हो गया।
दरअसल, थाना क्षेत्र में लंबे समय से वाहन चालकों, खासकर ट्रैक्टर चालकों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। किसानों से 500 से लेकर 1000 रुपए तक वसूले जाने की बात सामने आ रही थी, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने गोपनीय जांच के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक और एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे टीम ने बहोरीबंद पहुंचकर ऑपरेशन को अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए दोनों महिला अधिकारियों ने वेश बदल लिया और एक ट्रैक्टर चालक के साथ सवार हो गईं। पहले से चिन्हित 500 रुपए चालक को दिए गए और निर्देश दिया गया कि यदि कोई पुलिसकर्मी पैसे मांगे तो वही राशि दी जाए।
जैसे ही ट्रैक्टर स्लीमनाबाद मोड़ के पास पहुंचा, वहां तैनात आरक्षक लक्ष्मण पटेल ने वाहन को रोक लिया। उसने कार्रवाई का डर दिखाते हुए चालक से 500 रुपए की रिश्वत ले ली।
बस फिर क्या था... पहले से घात लगाए बैठीं महिला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचीं और आरक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई, जिससे पुख्ता सबूत जुटाए गए।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया को हटा दिया गया है। वहीं संबंधित आरक्षक सहित अन्य कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।





Comments (0)