हादसे में 16 की मौत… 6 बच्चे भी शामिल, एक साथ उठेंगी अर्थियां... PM मोदी और CM मोहन यादव ने जताया दुख...
30 अप्रैल 2026
धार
✍️ ऋतिक विश्वकर्मा | एमपी जनमत
धार। जिले में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा अब एक बड़े जन-शोक में बदल गया है… मजदूरों से भरी पिकअप के पलटने और स्कॉर्पियो से टकराने की इस भीषण दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गई… इनमें 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं… हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और गांव-गांव में सन्नाटा छा गया है…
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे… वाहन तेज रफ्तार में आगे बढ़ रहा था कि अचानक उसका टायर फट गया… इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित पिकअप सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ी… टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पलट गई और उसमें बैठे लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे… कई लोग वाहन के नीचे दब गए…
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई… आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया… पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन कई लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया… डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है…
इस हादसे में मृतकों की पहचान भी सामने आ चुकी है… जिन 16 लोगों की जान गई, उनमें महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हैं…
मृतकों की सूची इस प्रकार है -
ततु/उमेश (9) निवासी नयापुरा… अंगूरी पति भूरिया (35) निवासी सेमलीपुरा… मैना पति कृष्णा (45) निवासी रामपुरा… सुमित पिता नानूराम (14) निवासी नयापुरा… किरण पिता दिनेश (9) निवासी सेमलीपुरा… भूरी पति सुंदर (35) निवासी सेमलीपुरा… रंजना पिता मनीष (25) निवासी सेमलीपुरा… आयुष पिता राजेंद्र (14) निवासी नयापुरा… गोकुल पिता कैलाश (15) निवासी नयापुरा… सुनीता पति नारायण (42) निवासी नयापुरा… कांता पति उदयसिंह (45) निवासी सेमलीपुरा… रिंकू पिता कंवरलाल (19) निवासी नयापुरा… सावित्री पति सुभाष (30) निवासी नयापुरा… रंजना पिता रामसिंह (20) निवासी नयापुरा… संगीता पति पप्पू (35) निवासी नयापुरा और प्रिया पिता विष्णु निवासी रामपुरा…
इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को पूरी तरह से तोड़ दिया है… गांवों में हर घर से रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं… जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनका दर्द शब्दों में बयान करना मुश्किल है…
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है… उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता देने की घोषणा की है…
वहीं मुख्यमंत्री माेहन यादव ने भी हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50 हजार रुपए देने के निर्देश दिए हैं… साथ ही घायलों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है…
प्रशासन ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कर लिया है… जानकारी के अनुसार आज सामूहिक अंतिम संस्कार किया जाएगा… एक साथ उठने वाली 16 अर्थियां पूरे इलाके को झकझोर देंगी और यह दृश्य लंबे समय तक लोगों के दिलों में बना रहेगा…





Comments (0)